एंटी-स्मॉग गन व आधुनिक सफाई वाहनों को मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। तेजी से बढ़ते वायु प्रदूषण और गिरती वायु गुणवत्ता के बीच फरीदाबाद में स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ठोस पहल की गई है। रविवार को हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सेक्टर-16 स्थित सागर सिनेमा के समीप भारतीय जनता पार्टी कार्यालय से एंटी-स्मॉग गन से लैस विशेष गाड़ियों, वाटर टैंकरों और आधुनिक स्वीपिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा के लिए रवाना किया।
यह पहल शहर में धूल कणों, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली मिट्टी और सड़कों पर जमा गंदगी से उत्पन्न प्रदूषण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से की गई है। हाल के दिनों में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है, ऐसे में यह कदम फरीदाबादवासियों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि स्वच्छ हवा केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि हर नागरिक का मौलिक अधिकार है। सरकार इस अधिकार की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एंटी स्मोक गन मशीनें वातावरण में मौजूद सूक्ष्म धूल कणों को नियंत्रित करने में प्रभावी साबित होंगी, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार आएगा।
कैबिनेट मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार केवल मशीनें उपलब्ध कराकर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं मानती, बल्कि इनके प्रभावी और नियमित उपयोग की भी निगरानी की जाएगी। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रदूषण की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों, मुख्य सड़कों, औद्योगिक क्षेत्रों और निर्माण स्थलों के आसपास इन वाहनों का प्राथमिकता के आधार पर उपयोग किया जाए।
दोगुनी हो गई संख्या
जानकारी के अनुसार निगम की तरफ से 5 मिनी रोड स्वीपिंग मशीन, एक बड़ी रोड स्वीपिंग मशीन व 8 एंटी स्मॉग गन को सड़कों पर उतारा गया है। अभी तक निगम के पास 2 एंटी स्मॉग गन व 8 मिनी स्वीपिंग मशीनें थी। नई मशीनें आने के बाद संख्या दोगुनी से भी अधिक हो गई है।