नगर निगम और एफएमडीए की संयुक्त टीम की गई गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सैनिक कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था और सीवर ओवरफ्लो की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी के निर्देश पर समस्याओं की जांच और समाधान के लिए नगर निगम और फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई है।
महापौर को शिविर में क्षेत्रवासियों ने पेयजल की कमी, सफाई में अनियमितता और जगह-जगह सीवर ओवरफ्लो की शिकायतें दी थीं। इसके बाद नगर निगम फरीदाबाद के मुख्य अभियंता के नेतृत्व में संबंधित एक्सईएन, एसडीओ और जेई को टीम में शामिल किया गया है। वहीं एफएमडीए के एसई, एक्सईएन और जेई के साथ क्षेत्र के वार्ड पार्षद को भी निरीक्षण प्रक्रिया का हिस्सा बनाया गया है।
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने बताया कि टीम सैनिक कॉलोनी का दौरा कर स्थानीय लोगों से सीधे बातचीत करेगी और समस्याओं के कारणों की विस्तृत जांच करेगी। अधिकारियों को विशेष रूप से सीवर लाइनों में संभावित रुकावट, पेयजल आपूर्ति में बाधा और सफाई व्यवस्था की स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए और तीन दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) प्रस्तुत की जाए। महापौर ने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छता, पेयजल और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है और किसी भी क्षेत्र की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।