Corporation's SE and clerk caught taking bribe of Rs 1.40 lakh
फरीदाबाद। हरियाणा राज्य सतर्कता ब्यूरो ने एक ठेकेदार का बिल पास करने के बदले 1.40 लाख रुपये की रिश्वत लेते अधीक्षण अभियंता (एसई) रवि शर्मा और अकाउंट ब्रांच में तैनात क्लर्क रवि शंकर शर्मा को रंगे हाथ पकड़ लिया। एसई के पास से 50 हजार रुपये और क्लर्क के पास से 90 हजार रुपये बरामद हुए हैं। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। ब्यूरो की कार्रवाई से निगम मुख्यालय में खलबली मच गई है।
नगर निगम में रवि शर्मा एक्सटेंशन पर अधीक्षण अभियंता के पद पर तैनात हैं, जबकि रवि शंकर एकाउंट विभाग में क्लर्क है। वार्ड 38 में एक कम्यूनिटी सेंटर के निर्माण के बिलों को पास करवाने की एवज में अधीक्षण अभियंता और क्लर्क द्वारा 3.40 लाख रुपये की मांग की गई थी। सतर्कता ब्यूरो के अधिकारियों के मुताबिक दो लाख रुपये की रिश्वत पहले ही ठेकेदार ने दे दी थी। बाकी रकम के लिए अधीक्षण अभियंता ठेकेदार यशमोहन पर दबाव बना रहा था। इसकी शिकायत ठेकेदार ने सतर्कता ब्यूरो में की। इसके आधार पर मंगलवार सुबह विजिलेंस की टीम नगर निगम के मुख्यालय पर पहुंच गई। इस दौरान टीम ने रिश्वत लेते हुए दोनों को पकड़ लिया। टीम आरोपियों को पकड़ कर अपने साथ ले गई। पूरे दिन शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।