एक्सईएन प्रकरण में निगम कर्मचारी ने कार्रवाई की मांग दोहराई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम बल्लभगढ़ के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) डालचंद शर्मा के साथ कथित अभद्रता, कमरे पर ताला लगाने के मामले में निगम कर्मचारियों का विरोध सोमवार को भी जारी रहेगा। कर्मचारियों ने कामकाज ठप रखने का निर्णय लिया है। आंदोलन के चलते शहर में नागरिक सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। निगम कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं विरोध के कारण पानी की सप्लाई पर भी असर पड़ने की बात सामने आ रही है।
नगर निगम कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी अधिकारी के साथ कार्यालय में इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। कर्मचारियों ने वार्ड-42 के पार्षद दीपक यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और पूरे मामले में शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
मंत्री के पीए पर धमकी देने का आरोप
कर्मचारियों ने अब इस मामले में प्रदेश सरकार के एक मंत्री के निजी सहायक (पीए) पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। निगम कर्मचारियों का आरोप है कि मंत्री के पीए ने एक्सईएन डालचंद शर्मा को फोन कर धमकी दी थी। कर्मचारियों ने इस मामले की भी जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। हालांकि इस आरोप पर संबंधित पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।