सफाई और कचरा प्रबंधन में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने सोमवार को निर्धारित कार्यक्रम के तहत डिविजन-1 क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता, विकास कार्यों और सीएंडडी वेस्ट के उठान की स्थिति की समीक्षा की। निगम आयुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। साथ ही विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा करना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान कार्यकारी अभियंता, इंफोर्समेंट टीम और स्वास्थ्य विभाग के सफाई निरीक्षक भी साथ रहे। निगमायुक्त ने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न कार्यों के लेआउट प्लान का अवलोकन किया और अधिकारियों से प्रगति की रिपोर्ट ली। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि कचरा प्रबंधन और सीएंडडी वेस्ट के उठान में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जिन इलाकों में अन्य सरकारी एजेंसियों का अधिकार क्षेत्र आता है, वहां उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जन समस्याओं का त्वरित समाधान निकाला जाए। इस संबंध में उन्होंने संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के आदेश दिए गए हैं।