फरीदाबाद। राज्य सतर्कता ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को नगर निगम के एक क्लर्क को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी नरेंद्र नगर निगम के विज्ञापन विभाग में तैनात था। नरेंद्र की नियुक्ति सरकारी नहीं थी उसे अनुबंध के तहत रखा गया था। नगर निगम शहर के अनेक प्रमुख चौक चौराहों पर विज्ञापन के लिए सालाना ठेका छोड़ता है।
फिलहाल यह ठेका अमर सिंह नाम के व्यक्ति ने ले रखा है। अमर सिंह का आरोप है कि नरेंद्र उसकी कंपनी द्वारा लगाए गए होर्डिंग व छोटे विज्ञापन के बोर्ड न फाड़ने की एवज में हर माह 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। अमर सिंह ने उसे दो हजार रुपये दे दिए। बाकी के आठ हजार बाद में देने को कहा।
अमर सिंह ने मामले की सूचना सेक्टर 17 स्थित राज्य सतर्कता ब्यूरो में दे दी। सतर्कता ब्यूरो के इंस्पेक्टर त्रिभुवन के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। शुक्रवार दोपहर टीम ने नरेंद्र को रुपये देने के लिए नोटों पर पाउडर लगाकर अमर सिंह को दे दिया। आरोपी ने अमर सिंह से पैसे ले लिए। इसके तुरंत बाद विजिलेंस की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।