बल्लभगढ़। कोरोना वायरस का प्रकोप भले ही कम हो गया हो, लेकिन अब भी उसका खतरा बरकरार है। इसके बाद भी शहर की सब्जी मंडी में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। दुकानदार और ग्राहक बगैर मास्क के नजर आ रहे हैं। वहीं खरीदारी के दौरान सामाजिक दूरी का भी पालन नहीं किया जाता है।
प्रशासन की ओर से लगातार कोरोना वायरस के नियमों को बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन इसके बाद भी लोग इन नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। जीटी रोड स्थित सब्जी मंडी और अनाज मंडी में पूरे दिन यही नजारा देखने को मिलता है। ऐसा प्रतीत होता है, जैसे कोरोना बीमारी कभी रही ही न हो। सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ लग जाती है। लेकिन ज्यादातर लोग बगैर मास्क के नजर आते है। वहीं सामाजिक दूरी के नियमों का पालन न तो दुकानदार करवाते हैं और न ही ग्राहक उनको मानने में कोई समझदारी दिखाते हैं। हालांकि कुछ दिन पहले कोरोना की दूसरी लहर ने एक बार सभी को हिला कर रख दिया था। दवाओं से लेकर ऑक्सीजन की कमी से हर कोई बुरी तरह से परेशान था। स्थिति बद से बदतर थी, लेकिन इसके बाद भी मंडी के पदाधिकरियों की ओर से इस ओर कोई ध्यान नहीं दिख जा रहा है।
वर्जन-
लोगों को कोरोना के नियमों का पालन करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। सभी को मास्क लगाने की हिदायत दी जाती है। सामाजिक दूरी का पालन नहीं करने वालों को भी टोका जाता है। - रमेश कुमार, मंडी सचिव