फरीदाबाद। कोरोना मरीजों की संख्या में दूसरे दिन भी सुधार देखने को मिला है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को 1560 नए कोरोना संक्रमित मामलों की पुष्टि की गई है, जबकि 2586 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। वहीं, नौ मरीजों की मौत हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सेक्टर-37, सेक्टर-43, सेक्टर-9, 10, 11, 14, 15, 32, 35, 55, जवाहर कॉलोनी, सैनिक कॉलोनी, नाहर सिंह, कॉलोनी, धौज आदि इलाकों में नए मामले सामने आए। जिले में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 91 हजार पार हो गई है। इनमें से 78 हजार 761 मरीज ठीक हो चुके हैं। अभी तक जिले में 593 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 11 हजार 650 हो गई है। इनमें से 1872 अस्पतालों में दाखिल हैं, जबकि 9778 को होम आइसोलेशन में हैं।
जिले में इस समय 905 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और 91 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि जिले में कोरोना का रिकवरी रेट बढ़कर 86.5 फीसदी हो गया है। वहीं, एक्टिव केस रेट 12.7 फीसदी बना हुआ है। मंगलवार को कुल 9585 नए सैंपल लिए गए हैं। अभी 1748 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।