सेक्टर-55 स्थित फैक्टरी संचालक की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-55 स्थित एक वर्कशॉप संचालक ने अपने ठेकेदार और मशीन ठीक करने आने वाले तीन मिस्त्रियों पर फैक्टरी से मशीन के पुर्जे, औजार और जरूरी सामान चोरी करने का आरोप लगाया है। शिकायत पर सेक्टर-58 थाना पुलिस ने 26 मई को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-55 निवासी विपिन गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सोहना रोड के पास एक वर्कशॉप चलाते हैं। उन्होंने मशीन चलाने का काम सत्यनारायण नामक ठेकेदार को दे रखा था, जिसे हर महीने भुगतान किया जाता था। विपिन गुप्ता के अनुसार जब भी उनकी मशीन में खराबी आती थी तो वह मशीन निर्माता कंपनी से मिस्त्री बुलाते थे। कंपनी की ओर से अरविंद नामक व्यक्ति आता था, जो अपने साथ विष्णु और उसके भाई विनीत को भी मशीन ठीक करने के लिए बुलाता था। इसी कारण इन लोगों का वर्कशॉप में लगातार आना-जाना रहने लगा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बाद में सत्यनारायण ने अरविंद, विष्णु और विनीत के साथ मिलकर सेक्टर-23 संजय कॉलोनी में एक नई वर्कशॉप खोल ली। इसके बाद चारों ने मिलकर उसकी वर्कशॉप से लोहे के पुर्जे, मशीन के पुराने कार्ड, मशीन चलाने वाले औजार और मशीन प्रोग्राम का रजिस्टर चोरी कर लिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि चोरी किया गया सामान आरोपियों ने अपनी वर्कशॉप में रख लिया या बेच दिया।