मरीजों को राहत मिलेगी, दूर स्थित अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-2 में प्रस्तावित 30 बेड के अस्पताल का निर्माण कार्य पिछले करीब दो वर्षों अटका हुआ है। निर्माणाधीन स्थल पर फिलहाल बदहाली का आलम है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
आरडब्ल्यूए महासचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग को लिखित शिकायत देकर इस ओर ध्यान दिलाया गया लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। निवासी जगदीश अधाना व ओमप्रकाश ने बताया कि इस अस्पताल के निर्माण से सैकड़ों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। समय पर और बेहतर इलाज की सुविधा मिलने से मरीजों को राहत मिलेगी और उन्हें दूर स्थित अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। फिलहाल मरीजों को इलाज के लिए बीके अस्पताल और बल्लभगढ़ अस्पताल जाना पड़ता है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है।
लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य लंबे समय से बंद पड़ा है। इससे न केवल सरकारी संसाधनों की बर्बादी हो रही है, बल्कि आम जनता भी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है। निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस परियोजना को शीघ्र शुरू कर समय पर पूरा कराया जाए। उनका कहना है कि अस्पताल के निर्माण से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि लोगों को बेहतर और समय पर उपचार भी मिल सकेगा। इससे मरीजों का जीवन स्तर भी बेहतर होगा और उन्हें राहत मिलेगी।