ग्रामीणों का आरोप, निर्माण कार्य में कई तरह की अनियमितताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। मोहना मंडी में किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए कैंटीन का निर्माण कार्य हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड की देखरेख में कराया जा रहा है। इस कैंटीन को तय समयसीमा तक तैयार करने के लिए सरकार ने 31 जुलाई की अंतिम तिथि निर्धारित की थी लेकिन ठेकेदार की ओर से कार्य धीमी गति से चल रहा है।
अभी कैंटीन का करीब 60 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में कई तरह की अनियमितताएं हो रही हैं। उनका कहना है कि ठेकेदार घटिया सामग्री का प्रयोग कर रहा है, जिससे आने वाले कुछ वर्षों में यह कैंटीन क्षतिग्रस्त हो सकती है। बीरेंद्र अत्री ने यह भी कहा कि अगर समय रहते निर्माण की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया गया तो सरकारी धन का दुरुपयोग साबित होगा और किसानों की सुविधा के लिए बनाई जा रही यह इमारत बेकार हो जाएगी। वहीं मार्केटिंग बोर्ड मोहना मंडी के सचिव ऋषि कुमार ने बताया कि कैंटीन बिल्डिंग का निर्माण कार्य 31 जुलाई तक पूरा हो जाना चाहिए था। इसके बाद कार्यकारी अभियंता मार्केटिंग बोर्ड की ओर को इसे सुपुर्द किया जाना था। लेकिन बरसात की वजह से ठेकेदार कार्य को पूरा नहीं कर पाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो जाता और औपचारिक रूप से कैंटीन सुपुर्द नहीं की जाती, तब तक सामग्री और निर्माण की गुणवत्ता की पूरी जिम्मेदारी कार्यकारी अभियंता की रहेगी।