संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। क्षेत्र में बारिश के कारण जलभराव और बदहाल सड़कों की समस्या को लेकर 25 जुलाई के अंक में प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए अटेरणा चौराहे पर सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। बारिश के दौरान यह सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
लगातार जलभराव के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया था। स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे थे। खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग ने मौके का निरीक्षण किया और अब आरसीसी से सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। लोगों का कहना है कि यदि सड़क के साथ जल निकासी की स्थायी व्यवस्था भी कर दी जाए तो भविष्य में बारिश के दौरान इस तरह की समस्या से बचा जा सकेगा।