फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: चेतावनी के दो महीने बाद भी राजा नाहर सिंह स्टेडियम में निर्माण कार्य नहीं हुआ शुरू

विज्ञापन
विज्ञापन
चार साल से बंद है पुनर्निर्माण, निगम ने तीन दिन में काम शुरू कराने के दिए थे निर्देश, अब नई रणनीति बनाने की तैयारी
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। खिलाड़ियों को आधुनिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के उद्देश्य से प्रस्तावित राजा नाहर सिंह स्टेडियम के पुनर्निर्माण का इंतजार लंबा होता जा रहा है। करीब चार साल से बंद पड़े निर्माण कार्य को दोबारा शुरू कराने के लिए नगर निगम ने करीब दो महीने पहले संबंधित निर्माण एजेंसी को तीन दिन के भीतर काम शुरू करने के निर्देश दिए थे। काम शुरू नहीं होने की स्थिति में अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्रवाई की बात भी कही गई थी। हालांकि दो महीने बीतने के बाद भी स्टेडियम में निर्माण गतिविधियां शुरू नहीं हो सकी हैं। अब नगर निगम की ओर से काम दोबारा शुरू कराने के लिए नए सिरे से रणनीति तैयार करने की बात कही जा रही है।

स्टेडियम का पुनर्निर्माण फरीदाबाद की प्रमुख खेल परियोजनाओं में शामिल रहा है। वर्ष 2015 में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने करीब 123 करोड़ रुपये की लागत से इसके पुनर्निर्माण की घोषणा की थी। प्रस्ताव के अनुसार स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाना था। यहां क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स समेत विभिन्न खेलों की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना थी। परियोजना को वर्ष 2020 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन तय समयसीमा में काम पूरा नहीं हो सका। इसके बाद निर्माण कार्य भी लंबे समय से बंद है।
विज्ञापन


निरीक्षण के बाद जगी थी काम शुरू होने की उम्मीद

करीब दो महीने पहले नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों के साथ स्टेडियम का निरीक्षण किया था। इस दौरान निर्माण कार्य बंद होने की स्थिति को देखते हुए उन्होंने संबंधित एजेंसी को काम दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए थे। अधिकारियों के अनुसार एजेंसी को तीन दिन में काम शुरू करने के लिए कहा गया था और ऐसा नहीं होने पर अनुबंध की शर्तों के तहत कार्रवाई की बात कही गई थी।

इसके बाद उम्मीद थी कि लंबे समय से रुका निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। हालांकि अब तक मौके पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। नगर निगम के स्तर पर अब परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए नए सिरे से रणनीति तैयार करने की बात कही जा रही है। ऐसे में स्टेडियम के निर्माण की नई समयसीमा और काम शुरू होने की तारीख को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं का इंतजार

स्टेडियम का निर्माण पूरा नहीं होने का असर शहर की खेल गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। फरीदाबाद में बड़ी संख्या में खिलाड़ी क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स और अन्य खेलों से जुड़े हैं। आधुनिक खेल सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए उपलब्ध अन्य मैदानों और निजी खेल अकादमियों पर निर्भर रहना पड़ता है।

खेल प्रशिक्षकों के अनुसार किसी भी शहर में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मैदान, अभ्यास की सुविधाएं और प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए पर्याप्त आधारभूत ढांचा जरूरी होता है। यदि राजा नाहर सिंह स्टेडियम का पुनर्निर्माण समय पर पूरा होता तो स्थानीय खिलाड़ियों को अपने शहर में बेहतर सुविधाएं मिल सकती थीं। साथ ही बड़े स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़तीं।
विज्ञापन



स्टेडियम का काम जल्द शुरू कराया जाएगा। इसके लिए नए सिरे से रणनीति तैयार की जा रही है। इसके साथ ही निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। -ओमवीर सिंह, अधीक्षण अभियंता नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें