वाहनों की आवाजाही से उड़ती है धूल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में बढ़ते प्रदूषण के कारण जहां सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है, वहीं बीके अस्पताल परिसर में पड़ी निर्माण सामग्री मरीजों की परेशानी और बढ़ा रही है। करीब 10 महीने से रोड़ी और रेत को नहीं हटाया गया है। इससे वाहनों की आवाजाही और हवा चलने पर धूल उड़ती रहती है।
बीके अस्पताल में सांस संबंधी समस्या लेकर प्रतिदिन सौ से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को धूल के बीच से गुजरना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिस अस्पताल में लोग सांस संबंधी बीमारियों समेत विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का उपचार कराने पहुंचते हैं, उसी परिसर में उन्हें धूल और मिट्टी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों और सांस के मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
-
निर्माण का काम पूरा होने के बाद भी नहीं हटी सामग्री
अस्पताल परिसर में निर्माण कार्य के लिए लाई गई सामग्री काम पूरा होने के बाद भी नहीं हटाई गई है। रोड़ी और रेत खुले में पड़ी होने के कारण आसपास का क्षेत्र धूल से प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन को कई बार परिसर की सफाई और निर्माण सामग्री हटवाने को कहा गया है लेकिन अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया है। कार्यवाहक प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल का कहना है कि जल्द ही रेत को हटाया जाएगा, जिससे लोगों को राहत मिल सके।