बैलगाड़ी पर बाइक रखकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद ने सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इसका नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा सहप्रभारी जितेन्द्र बघेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ता पहले सेक्टर-12 स्थित पेट्रोल पंप पर एकत्रित हुए जहां से बैलगाड़ी पर बाइक रखकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय तक मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर महंगाई व ईंधन मूल्य वृद्धि के खिलाफ विरोध जताया। बाद में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन तहसीलदार सुमेर सिंह को सौंपा गया। इस दौरान जितेन्द्र बघेल ने कहा कि विधानसभा चुनाव खत्म होते ही सरकार ने एक महीने में दो बार पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ाकर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। इस मौके पर विवेक प्रताप, रोहित नागर, पराग शर्मा, योगेश ढींगड़ा, विनोद कौशिक, विकास दायमा, इकबाल कुरैशी, संजय त्यागी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।