पृथला विधायक ने कहा- परियोजना को लेकर सरकार गंभीर नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) कॉरिडोर को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पृथला के विधायक रघुबीर तेवतिया ने कहा कि संसद में सामने आई जानकारी से स्पष्ट है कि राज्य सरकार महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लेकर गंभीर नहीं है। शुक्रवार को तेवतिया ने कहा कि लोकसभा में सांसद दीपेंद्र हुड्डा के सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि दिल्ली-फरीदाबाद-पलवल और दिल्ली-रोहतक-हिसार कॉरिडोर के लिए अब तक कोई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) केंद्र को नहीं भेजी गई है।
तेवतिया ने कहा कि ये दोनों कॉरिडोर एनसीआर क्षेत्र के लाखों यात्रियों, कर्मचारियों और उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इन पर काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की उदासीनता के कारण परियोजनाएं फाइलों में ही अटकी हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में कांग्रेस सरकार के दौरान हरियाणा के लिए कई आरआरटीएस कॉरिडोर प्रस्तावित कर एनसीआर प्लान में शामिल कराए गए थे, लेकिन बाद में इन पर काम नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर इनको प्राथमिकता दी जाएगी।