- अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने पकड़े आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना इलाके में कंपनी से सामान चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में ए.सी नगर के रहने वाले चंद्र शेखर और राजीव कॉलोनी के अमित कुमार शामिल हैं। इनसे पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी चंद्र शेखर कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था, जबकि अमित सुपरवाइजर था। दोनों आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से कंपनी में आने वाले रॉ मैटेरियल से लगातार सामान चोरी किया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस को शिकायत एआरसी मशीन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर धर्मेंद्र ने दी थी। शिकायत में कहा गया कि पिछले कुछ समय से कंपनी के रॉ मैटेरियल और तैयार माल में लगातार अंतर पाया जा रहा था। जांच करने पर स्टॉक में गड़बड़ी सामने आई। जिसके बाद सेक्टर-58 थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।