पड़ोसन हिना पर गंभीर आरोप
पीड़िता अनीता ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ सुभाष कॉलोनी में किराये के मकान में रहती है। उनके सामने वाले कमरे में हिना नाम की महिला रहती है। अनीता के अनुसार घटना रविवार की है, जब उनका तीन वर्षीय बेटा आदित्य घर के बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद वह रोता हुआ वापस आया। बच्चे के हाथ, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर जलने के निशान देखकर परिवार के होश उड़ गए।
हिना बोली- बच्चे आपस में खेल-खेल में जला बैठे
अनीता का आरोप है कि बच्चे के शरीर पर चिमटे से दागे जाने जैसे निशान मिले हैं। जब उन्होंने हिना से इस बारे में पूछा तो उसने कहा कि बच्चे आपस में खेलते समय एक-दूसरे को जला बैठे हैं। हालांकि अनीता का कहना है कि तीन साल का बच्चा इस तरह की चोट खुद या खेल-खेल में नहीं पहुंचा सकता, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
चार दिन चला इलाज
घटना के बाद परिजन बच्चे को पहले बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे फरीदाबाद के बीके अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां करीब चार दिन तक उसका इलाज चला। फिलहाल बच्चे की हालत में सुधार बताया जा रहा है, लेकिन परिजनों का कहना है कि वह घटना के बाद से काफी सहमा हुआ है।
मां ने की निष्पक्ष जांच की मांग
अनीता ने पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य बच्चे के साथ ऐसी घटना न हो। उन्होंने बताया कि उनका परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता है और अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
पुलिस का बयान
वहीं, पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आदर्श नगर थाने में तीन वर्षीय बच्चे के झुलसने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।