फरीदाबाद। मुजेसर थाना इलाके में स्थित एक कंपनी में काम करने के दौरान कर्मचारी को चोट लग गई। घायल को अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
पर्वतीया कॉलोनी निवासी दीपक शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसके पिता सुशील शर्मा अंबिका नाम की फैक्टरी में डाई फिटर कर्मी के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने 27 मई को ही नौकरी शुरू की थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, कंपनी के कुछ लोग उनके पिता को मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। इस बारे में उन्होंने अपने बेटे को बताया था। मृतक ने कहा था कि कंपनी मालिक अनिल विज व एक सीनियर स्टाफ मोहन उसे परेशान करते हैं।
14 जून को दीपक के ताऊ के बेटे प्रवीन के पास कंपनी सुपरवाइजर मोहन ने फोन किया और बताया कि सुशील कुमार चक्कर खा कर गिर गए हैं। हम उन्हें अस्पताल ले जा रहे हैं। परिजनों के अस्पताल में पहुंचने के दस मिनट बाद ही सुशील कुमार ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने कंपनी मालिक व सुपरवाइजर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।