स्लिप रोड पर वाहनों का कब्जा, फुटपाथों पर रेहड़ी-पटरी और चौक पर अव्यवस्थित खड़े ऑटो से बढ़ रही समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके चौक से नीलम चौक तक जाने वाले मार्ग पर रोजाना लगने वाले जाम से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। व्यस्त समय में इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। लोगों का कहना है कि स्लिप रोड पर अवैध पार्किंग, फुटपाथों पर रेहड़ी-पटरी का कब्जा और चौक के पास अव्यवस्थित खड़े ऑटो जाम की मुख्य वजह बने हुए हैं।
लोगों ने बताया कि जाम से राहत देने के लिए बनाई गई स्लिप रोड का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है। कई वाहन चालक यहां अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे स्लिप रोड का बड़ा हिस्सा घिर जाता है। इसके कारण वाहनों को मुख्य सड़क से निकलना पड़ता है और यातायात का दबाव बढ़ जाता है। लोगों का कहना है कि अगर स्लिप रोड को खाली रखा जाए तो इस मार्ग पर लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
वहीं, बीके चौक और नीलम चौक के आसपास फुटपाथों पर रेहड़ी-पटरी लगने से पैदल यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। फुटपाथ खाली नहीं होने के कारण लोगों को मजबूरी में सड़क पर चलना पड़ता है। इससे पैदल चलने वालों की सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है और वाहनों की रफ्तार प्रभावित होती है।
वहीं बीके और नीलम चौक पर ऑटो चालक सवारी बैठाने और उतारने के लिए सड़क पर ही वाहन रोक देते हैं। इससे पीछे आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इस चौक के पास नागरिक अस्पताल है जहां एम्बुलेंस की आवाजाही लगी रहती है। इसके अलावा मथुरा रोड, मेट्रो स्टेशन, रेलवे रोड, बाटा चौक के लिए यहां से वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में सड़क के बीचों बीच ऑटो खड़े रहने से हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
सुबह और शाम के व्यस्त समय में इस मार्ग पर जाम की स्थिति सबसे ज्यादा बनी रहती है। कई बार मिनटों का सफर घंटों में बदल जाता है और स्कूल, ऑफिस व अन्य जरूरी कामों के लिए निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्लिप रोड जाम कम करने के लिए बनाई गई थी, लेकिन अवैध पार्किग के कारण इसका फायदा नहीं मिल पा रहा है। - पंकज, वाहन चालक
इस मार्ग पर जाम अब रोज की समस्या बन गया है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। - सुमित, राहगीर
इस रास्ते से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं, लेकिन जाम के कारण समय पर पहुंचना मुश्किल हो जाता है। - राजीव, यात्री
अगर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर सख्ती हो तो लोगों को जाम से काफी राहत मिल सकती है। - अनिल, वाहन चालक