महाविद्यालयों तक परिवहन सुविधा उपलब्ध न होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-16ए स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय और राजकीय महिला महाविद्यालय में शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। इन महाविद्यालयों तक सीधी परिवहन सुविधा उपलब्ध न होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
दोनों कॉलेज आगरा-मथुरा हाईवे से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने वाले छात्रों को बसें मैकपाई पर ही उतार देती हैं। इसके बाद उन्हें कॉलेज तक पहुंचने के लिए या तो पैदल जाना पड़ता है या फिर ऑटो का सहारा लेना पड़ता है। ऑटो चालक भी 15 से 20 रुपये तक किराया लेते हैं और अक्सर पूरी सवारी भरने के बाद ही चलते हैं, जिससे छात्रों को देरी का सामना करना पड़ता है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे लंबे समय से प्रशासन से इस रूट पर बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उनका मानना है कि यदि कॉलेज तक सीधी बस सुविधा शुरू की जाए, तो उन्हें काफी राहत मिलेगी और समय की भी बचत होगी।
बातचीत
कॉलेज आने के लिए बस की सुविधा होनी चाहिए। इससे समय भी बचेगा और किराया भी नहीं लेगेगा। ऑटो से आने में बहुत दिक्कत होती है। -मुस्कान
हमें बस पास की सुविधा तो मिलती है लेकिन उसका इस्तेमाल ही नहीं कर पा रहे हैं। क्योंकि कॉलेज तक कोई बस ही नहीं आती है। -स्नेहा
अभी तो मौसम भी सामान्य है लेकिन गर्मियों में बहुत दिक्कत होती है। धूप में खड़े रहना पड़ता है। कभी-कभी तो ऑटो भी नहीं मिलता है। -साक्षी
हमें बस सुविधा मिलनी चाहिए। इससे महीने में 700 से 800 रुपये की बचत होगी। साथ ही कॉलेज भी समय पर पहुंच सकेंगे। -पूजा