फरीदाबाद। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में होने लगा है। तापमान में गिरावट के कारण ठिठुरन बढ़ी है। बृहस्पतिवार की तुलना में शुक्रवार को जिले के तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बृहस्पतिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को यह 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो अभी तक इस मौसम का सबसे कम तापमान है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं शुक्रवार को यह 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लेकिन शुक्रवार को मौसम पूरी तरह से साफ रहा। धूप निकल आई थी। सुबह के समय हवा थोड़ी कम चल रही थी, लेकिन दोपहर से हवाओं की गति काफी बढ़ गई। शाम तक ठंडी हवाओं से शहर में ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास बने रहने की संभावना है।