अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले फरीदाबाद के तीन अभ्यार्थियों को एक समारोह में सम्मानित कर बधाई दी। तीनों अभ्यर्थी परीक्षा पास करने वाले हरियाणा के सभी 64 अभ्यर्थियों में शामिल हैं। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन को यही अभ्यर्थी साकार करेंगे।
फरीदाबाद से यूपीएससी में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों में बल्लभगढ़ निवासी नम्रता अग्रवाल (रैंक 214), सेक्टर 28 निवासी कनिष्क अग्रवाल (रैंक 279) और फरीदाबाद निवासी पूनम कसाना (रैंक 485) शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तीनों अभ्यार्थियों को पवित्र गीता और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सीएम ने सिविल सेवा परीक्षा-2024 के नवचयनित हरियाणा के होनहार अभ्यर्थियों के सम्मान समारोह में अपने निवास संत कबीर कुटीर में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया।