-सिलिंडरों के स्टॉक की बारीकी से की जांच, संचालकों में मचा हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। क्षेत्र में बुधवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने दो गैस गोदामों पर औचक छापेमारी कर विस्तृत निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से गैस एजेंसी संचालकों में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी जैसा माहौल बना रहा।
सबसे पहले टीम ने जगदीश गैस एजेंसी के गोदाम पर छापेमारी की। यहां मैनेजर वेदपाल और कर्मचारी मामचंद की मौजूदगी में ऑनलाइन स्टॉक की डिटेल ली गई। रिकॉर्ड के अनुसार गोदाम में 19 किलो के 40 भरे हुए गैस सिलिंडर पाए गए, जबकि 14.2 किलो के 370 भरे हुए और 93 खाली सिलिंडर मौजूद थे। इसके अलावा अन्य श्रेणी के 5 भरे हुए और 21 खाली सिलिंडर भी दर्ज किए गए। टीम द्वारा गोदाम की जांच करने पर सभी सिलिंडर रिकॉर्ड के अनुरूप पाए गए।
इसके बाद संयुक्त टीम ने झामुवास स्थित इंडियन गैस गोदाम पर दूसरी कार्रवाई की। यहां संचालक सुरेंद्र यादव की उपस्थिति में ऑनलाइन स्टॉक की जांच की गई। रिकॉर्ड के अनुसार 10 किलो के 511 भरे हुए और 340 खाली गैस सिलिंडर मौजूद थे, जबकि 19 किलो के 729 खाली सिलिंडर गोदाम में पाए गए। टीम ने मौके पर सिलिंडरों की गिनती और सत्यापन किया, जिसमें स्टॉक पूरी तरह सही मिला। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर ही रिपोर्ट तैयार की गई।