- कृषि भूमि पर पूर्व पटवारी साथी के साथ कर रहा था अवैध प्लॉटिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते द्वारा अवैध प्लाॅटिंग को लेकर बुधवार को कार्रवाई की गई। जिसमें लगभग 6 एकड़ कृषि भूमि पर बिना अनुमति लिए अवैध प्लॉटिंग करनी पाई गई। निरीक्षण के दौरान अवैध कॉलोनी में प्रॉपर्टी डीलर का ऑफिस बना हुआ मिला।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के डीएसपी राजेश चेची ने बताया कि सूचना मिली की कि गांव सीही में राजस्व संपदा को मिर्जापुर डेरी के नाम से जाना जाता है। उस जगह पर गरीब लोगों को बहला फुसलाकर व पक्की कॉलोनी का आश्वासन देकर 50 व 100 वर्ग गज के प्लॉट बेचे जा रहे हैं। इसको लेकर संबंधित विभाग से अनुमति नहीं ली गई और अवैध प्लाटिंग की जा रही है। इसके लिए एक टीम का गठन किया गया। जिसमें निरीक्षक रोजे खान, उपनिरीक्षक सतबीर सिंह व कनिष्ठ अभियंता इन्फोर्समेंट ओमप्रकाश राघव थे। सभी बुधवार को उक्त स्थल का संयुक्त निरीक्षण करने के लिए पहुंच गए। मौके पर टीम ने पाया कि करीब 8-10 नए मकान बने हुए मिले। वहीं दर्जन भर प्लॉटों की नींव भरी मिली। टीम ने जब पूछताछ की तो पाया कि इस स्थान पर अवैध प्लॉटिंग का कार्य गांव चंदावली निवासी पूर्व पटवारी अशोक कुमार शर्मा और गांव सीही निवासी अरुण द्वारा किया जा रहा है। लगभग 6 एकड़ कृषि भूमि पर बिना अनुमति लिए अवैध प्लाॅटिंग करवाई जा रही है। निरीक्षण के दौरान इस अवैध कॉलोनी में एक प्रॉपर्टी डीलर का ऑफिस बना हुआ मिला। जिसमें प्लाटिंग व नक्शा आदि की जानकारी दी जा रही थी। मौके पर अशोक कुमार शर्मा भी मिला। जिसने पूछताछ में बताया कि यह प्लाॅटिंग वह स्वयं व अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कर रहा है। डीएसपी राजेश चेची का कहना है कि इस मामले को लेकर थाना सेक्टर 8 को अवगत करवा दिया गया है। आगे की कार्रवाई पुलिस के द्वारा केस दर्ज करने के बाद की जाएगी।
-
पहले कर चुके हैं तोड़फोड़
निरीक्षण के दौरान कनिष्ठ अभियंता ओमप्रकाश ने बताया कि इस स्थान पर अवैध प्लाॅटिंग का मामला विभाग के संज्ञान में है। विभाग द्वारा 20 जनवरी को तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई थी, परन्तु निरीक्षण के दौरान तोड़े गए मकानों को पुन: मरम्मत किए हुए पाया गया। इसके अलावा लगभग दर्जनभर नई डीपीसी बनी हुई मिली हैं। वहीं, हाल ही में डीटीपी ने करीब 27 लोगों पर केस दर्ज कराया था। ये लोग अवैध तरीके से ग्रेटर फरीदाबाद के गांवों में प्लॉटिंग कर रहे थे। इस क्षेत्र में रोक के बावजूद प्रॉपर्टी डीलर लोगों को प्लॉट बेच रहे हैं।
-