भीषण गर्मी और उमस के कारण परेशान रहे शहर के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार दोपहर बाद बारिश की संभावना जताई गई थी। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। तेज धूप और उमस के कारण पूरे दिन लोग गर्मी से बेहाल रहे और बारिश का इंतजार करते रहे।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में चार जुलाई तक बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि बारिश होने के बावजूद तापमान में अधिक गिरावट आने की उम्मीद नहीं है। विभाग का अनुमान है कि बारिश के बाद भी अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 31 रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा।
तेज गर्मी के बीच चिकित्सकों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थ का सेवन करें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम में बदलाव के बावजूद गर्मी का असर फिलहाल जारी रहने की संभावना है।