फरीदाबाद। नगर निगम ने मंगलवार को एनआईटी-2 के सी ब्लॉक में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चौथी मंजिल के लिए डाले गए लिंटर को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्माण को हटाया गया।
नगर निगम के एसडीओ सुरेंद्र हुड्डा ने बताया कि संबंधित भवन मालिक को निर्माण रोकने के लिए कई बार मौखिक रूप से चेतावनी दी गई थी। इसके अलावा निगम की ओर से नोटिस भी जारी किए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी रखा गया, जिसके बाद निगम को कार्रवाई करनी पड़ी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि शहर में बिना स्वीकृत नक्शे या नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माणों पर निगम लगातार नजर रखे हुए है। अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगम अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और निर्धारित भवन उपविधियों का पालन करें। ऐसा नहीं करने पर अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार अन्य कदम भी उठाए जा सकते हैं।