संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने और क्षेत्र में समुचित सफाई व्यवस्था बनाने के लिए नालों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई का कार्य निरंतर चल रहा है। प्रशासन की ओर से सफाई कार्य की निगरानी की जा रही है।
उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि इस बार मानसून से पहले नालों की सफाई सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए क्षेत्रवार निरीक्षण किया जा रहा है। जहां-जहां से गाद, कचरा, प्लास्टिक व अन्य अवरोधक सामग्री हटाई जा रही है, उन्हें निर्धारित स्थानों पर निस्तारित किया जा रहा है, ताकि वे दोबारा जलनिकासी में बाधा न बन सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं मौके पर जाकर सफाई कार्य का निरीक्षण करें। यदि सफाई कार्य में कोई कमी पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए तैयार रहें। जिले में जलभराव की समस्या से निपटने और साफ-सफाई को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन की ओर से 30 मई से मुख्य स्थलों पर व्यापक नाला और डिस्पोजल सफाई अभियान चलाया जा रहा है।