दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव मलेरना में जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने शुक्रवार सुबह हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला, मारपीट, लूटपाट और कब्जे की कोशिश के आरोप लगाते हुए थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
झाड़सैंतली निवासी मनोज कुमार ने शिकायत में बताया कि गांव मलेरना में करीब पांच एकड़ जमीन में उनका भी हिस्सा है, जबकि अन्य हिस्सेदारों ने अपनी जमीन एक प्रॉपर्टी डीलर को बेच दी थी। मामला अदालत में लंबित होने के बावजूद जमीन पर निर्माण कराया जा रहा था। 27 जून की सुबह वह अपने पिता नवल सिंह और भाई रतन सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रोकने को कहा। आरोप है कि वहां मौजूद 10-15 लोगों ने उन पर लाठी, कुल्हाड़ी और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले औजारों से हमला कर दिया। हमले में रतन सिंह के सिर पर गंभीर चोट लगी और वह आईसीयू में भर्ती हैं। शिकायत में सोने की चेन छीनने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष के गुलशन ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पिता रामप्रसाद और ताऊ तोतीराम पर नवल सिंह और उसके बेटों ने हमला किया। इस दौरान तोतीराम का हाथ फ्रैक्चर हो गया। गुलशन ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया, जिसमें घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग थी। फोन के कवर में रखे 2500 रुपये भी गायब बताए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि थाना सदर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।