फरीदाबाद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शहर में हर ओर महिलाओं को सिक्का चला। एक ओर महिलाएं अपने कर्तव्य के प्रति जागरूक दिखी तो दूसरी महिलाओं के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर सम्मान समारोह आयोजित किए गए। स्कूल कॉलेज जैसे शिक्षण संस्थानों सहित प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से भी उनका लोहा माना गया। इस दिन कई बेटियों ने अपने विभाग का नेतृत्व कर समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। उधर सोशल मीडिया पर भी महिलाओं के सम्मान में फोटो-वीडियो सहित कई प्रेरणादायक संदेश वायरल रहे। लोग अपने-अपने जीवन में महत्वपूर्ण महिलाओं का आभार करना नहीं भूले।
घरेलू हिंसा से घबराएं नहीं बल्कि टकराएं बेटियां
सेक्टर-16 ए स्थित राजकीय महिला कॉलेज में कानूनी जागरूकता प्रकोष्ठ की ओर से बेटियों को घरेलू हिंसा के प्रति जागरूक किया गया। एडवोकेट संगीता भाटी ने छात्राओं को घरेलू हिंसा एवं महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बेटी सीधे शब्दों में संदेश देते हुए कहा कि बेटियों को घबराने की नहीं बल्कि हिंसा से टकराने की जरूरत है। ऐसी महिलाएं ही समाज में सशक्तिकरण की बयार पैदा कर सकेंगी। कार्यवाहक प्राचार्या रीतिका गुप्ता ने सभी छात्राओं को महिला दिवस की बधाई दी।
कर्मचारी संघ ने महिलाओं की समस्या पर की बात
सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले सोमवार को कामकाजी महिलाओं की समस्याओं पर चर्चा की गई। आयोजन नगर निगम ऑडिटोरियम में किया गया। महिलाओं की प्रतिनिधि बृजवती ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान कमला, वीणा, कमलेश संतोष, कुसुम, शकुंतला व सुलोचना ने संयुक्त रूप से संचालन में भागेदारी निभाई। चर्चा में जनतांत्रिक अधिकारों, सरकारी विभागों व रोजगार को बचाने और गैर बराबरी व शोषण पर आधारित व्यवस्था के खिलाफ निर्णायक आंदोलन का निर्माण करने का संकल्प लिया गया।
नारी भारतीय संस्कृति में देवी तुल्य : एसएस बांगा
विक्टोरा टूल्स कंपनी की ओर से जश्न मनाया गया। कंपनी प्रबंध निदेशक एस एस बांगा ने बताया कि भारतीय संस्कृति में नारी को देवी तुल्य माना गया है। उन्होंने महिला कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि विक्टोरा टूल्स नारी शक्ति को रोजगार के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास करता रहेगा। इस दौरान सभी प्लांट में महिलाओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया।
कर्मचारी राज्य बीमा निगम में भी मना महिला दिवस
कर्मचारी राज्य बीमा निगम के क्षेत्रीय कार्यालय के प्रांगण में महिला दिवस की धूम रही। इस आयोजन अपर आयुक्त एवं क्षेत्रीय निदेशक मुहम्मद इरफान की अध्यक्षता में आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा शिक्षा विभाग की हिंदी प्रवक्ता प्रो कृष्णा शर्मा दामनी मौजूद रही। इस दौरान कई प्रतियोगिताएं जैसे-रंगोली बनाना, नीबू दौड़, स्लोगन लेखन भी आयोजित की गई।
--
केंद्रीय राज्य मंत्री ने महिला पुलिस कर्मियों को दी बधाई
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने सोमवार को अपने कार्यालय में महिला पुलिस की कर्मचारियों को महिला दिवस की बधाई दी। उनका मुंह मीठा करवाया। उन्होंने कहा कि हर युग में महिलाओं ने पुरुष का कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया है। महिलाएं पुरुषों से शिक्षा, चिकित्सा, खेल सहित हर क्षेत्र में पुरुषों से किसी से भी पीछे नहीं है।
सिलाई सेंटर में मना महिला दिवस
शास्त्रों में कहा गया है जहां नारी की पूजा होती है वहां सुख, शांति व समृद्धि का वास होता हैे। यह बात चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) मनीष लोहिया ने कही। बल्लभगढ़ चावला कॉलानी स्थित प्रेरणा सिलाई केंद्र में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर पूनम, बबली, काजल मधु, डॉ.विश्वबंधु, मिथलेश, मोहम्मद शहिद, मिंटू कुमार, सोनू ठाकुर व सुप्रद शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित थे।
महिलाओं को जीवनशैली की पाठ पढ़ाया
अग्रवाल महाविद्यालय में सोमवार को महिला दिवस पर छात्राओं को जीवन शैली के प्रति जागरूक किया। वार्ता में मेट्रो हार्ट इंस्टीट्यूट के डॉक्टर विशेषज्ञ परामर्श के लिए मौजूद रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ कृष्णकांत गुप्ता ने अतिथि वक्ताओं को पौधे भेंट कर उनका औपचारिक स्वागत किया। डॉ. सन्नी जैन (वरिष्ठ सलाहाकार कैंसर विज्ञान) ने महिलाओं में बढ़ते ब्रेस्ट कैंसर की समस्या पर जागरूक किया।
व् एनटीपीसी में महिलाओं को किया सम्मानित
एनटीपीसी फरीदाबाद ने सभी महिला कर्मचारियों के सम्मान में एक बैठक की। सभी को सम्मानित किया गया। इस मौके पर परियोजना प्रमुख चिन्नानन रवि, असीम जैन और वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
कांग्रेस नेता ने महिलाओं को किया सम्मानित
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बलजीत कौशिक ने सेक्टर-9 स्थित अपने कार्यालय पर महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस दौरान पार्टी से जुड़ी महिलाओं को फूल देकर सम्मानित किया गया। कौशिक ने कहा कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए जितना काम पुरुषों ने किया, उतना ही भूमिका महिलाओं की भी रही है। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सरला भामौत्रा, रेनू चौहान, सुनीता फागना, मालवती पांचाल, शशी शर्मा, सोनू चौधरी, गंजना लम्बा, पम्मी मान, गीता देवी, लक्ष्मी देवी, सरोज देवी, सुनीता देवी, कांता देवी, श्यामली, अंजू देवी सहित कई महिलाएं मौजूद रही।