पानी की आपूर्ति भी प्रभावित, लोगों ने नियमित बिजली आपूर्ति की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के कई सेक्टरों, सोसाइटियों और कॉलोनियों में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सेक्टर- 2, 3, 8, 10, 11, फ्लोरिडा, डिस्कवरी पार्क और रॉयल हेरिटेज सोसाइटी सहित कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी और उमस के बीच लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कटौती के कारण घरेलू कामकाज के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। सेक्टर-3 निवासी समीर और उज्ज्वल का कहना है कि बिजली नहीं रहने से पानी की सप्लाई बाधित हो जाती है, जिससे लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं, नीमा ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है और आए दिन घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़, सेहतपुर, बसंतपुर, जवाहर कॉलोनी, पल्ला, पाली, संजय कॉलोनी और भारत कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्रों में भी बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि बढ़ती बिजली की मांग के कारण ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। ओवरलोड होने से कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर ओवरहीट हो रहे हैं, जिसके चलते बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। निवासियों का आरोप है कि संबंधित बिजली विभाग को कई बार शिकायत देने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। लोगों ने विभाग से बिजली कटौती के कारणों की जांच कराने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और शहर में नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।