जागरुकता की कमी के कारण योजना का फायदा नहीं ले पा रहे लोग संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जागरुकता के अभाव में सरकार की महत्वाकांक्षी चिरायु एक्सटेंशन योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही है। एक साल में मात्र 150 लोगों ने ही चिरायु योजना का लाभ लिया है। फिलहाल इस योजना के तहत 950 लोग अपना चिरायु कार्ड बनवा चुके हैं। लेकिन जागरूक नहीं होने के कारण उच्च स्तरीय इलाज के लिए आज भी दर-दर भटक रहे हैं।
चिरायु योजना एक साल पहले शुरू की गई थी। करीब दो महीने पहले सरकार ने इस योजना का विस्तार करते हुए चिरायु एक्टेंशन योजना शुरू की। ताकि गरीब व असहाय लोग इसका पूर्ण लाभ ले सकें। इसके तहत जिस भी परिवार की सालाना आय 1 लाख 80 हजार रुपये से अधिक है और 3 लाख से कम है। ऐसे परिवार योजना का लाभ 1500 रुपये का वार्षिक भुगतान कर ले सकते हैं। हालांकि जिस परिवार की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार से कम है। उसे यह राशि भरने की जरूरत नहीं है।
योजना के लाभ
चिरायु एक्सटेंशन योजना के तहत गरीब परिवार के लोग 5 लाख तक का फ्री इलाज करवा सकते हैं। इस कार्ड के तहत 228 ऑपरेशन, 70 प्रकार के टेस्ट, 21 प्रकार के डेंटल ट्रीटमेंट और 541 प्रकार की दवाएं निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। फिलहाल जिले में 25 निजी अस्पतालों और 6 सरकारी अस्पतालों को पैनल पर लिया गया है। जोकि इस कार्ड के तहत मरीजों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवा सकते हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार योजना में शामिल अधिकांश लोगों में जागरुकता का अभाव और शहर में प्रचार-प्रसार की भी कमी है। इस कारण लोग इसका लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय गुप्ता का कहना है कि इस योजना का विस्तार चिरायु योजना को करते हुए किया गया है। इसमें लोगों को जोड़ने के लिए वार्षिक आय सीमा बढ़ाकर 3 लाख से कम कर दी गई है। इस योजना से लोगों को उनके परिवार पहचान पत्र पर अंकित आय के आधार पर तो जोड़ा ही जा रहा है। साथ ही कोई भी मान्य परिवार सीधे तौर पर इस योजना के तहत कार्ड बनवाने के लिए अप्लाई भी कर सकता है। इसके लिए कोई भी परिवार चिरायु आयुष्मान पोर्टल पर 1500 रुपये का भुगतान कर आवेदन कर सकता है। जोकि केवल एक वर्ष के लिए मान्य है। जबकि ऐसे वरिष्ठ नागरिक जोकि मोबाइल या फिर कंप्यूटर सिस्टम का इस्तेमाल करने में असमर्थ हैं, उनकी सुविधा के लिए सभी सीएससी सेंटरों पर 15 रुपये अतिरिक्त शुल्क के साथ यह कार्ड बनवाने की सुविधा मुहैया करवाई गई है। इस योजना के तहत कार्ड के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है। इस योजना के लाभ के लिए लोगों को हर शुक्रवार को सभी गांवों के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर जाकर इस कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं।
चिरायु योजना के तहत 11 हजार लोगों ने किया लाभ प्राप्त
चिरायु योजना के तहत अभी तक 3 लाख 60 हजार लोग अपना आयुष्मान कार्ड बनवा चुके हैं। इनमें से 11 हजार लोग इस कार्ड के माध्यम से मुफ्त इलाज करवा चुके हैं। इसमें मात्र 3 हजार 500 लोगों ने सरकारी अस्पताल से जबकि 7 हजार 500 लोगोें ने प्राइवेट अस्पताल में अपना इलाज करवाया है। इसके लिए सरकार की ओर से करीब 9 करोड़ रुपये की राशि सरकार की ओर से निजी अस्पताल को भुगतान की गई है। जबकि मात्र साढ़े तीन करोड़ का क्लेम सरकारी अस्पतालों के खातों में आया है।