बीके अस्पताल की बाल रोग ओपीडी में खांसी, जुकाम और बुखार के मामले बढ़े
छोटे बच्चों को संक्रमण से बचाने की सलाह दे रहे डॉक्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मौसम में लगातार बदलाव का असर बच्चों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण छोटे बच्चे सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर बीके अस्पताल पहुंच रहे हैं। बाल रोग ओपीडी में इन दिनों मौसमी बीमारियों से पीड़ित बच्चों का इलाज किया जा रहा है। खासकर छोटे बच्चों को लेकर परिजन अधिक सतर्क नजर आ रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि कुछ बच्चों को पहले हल्की खांसी और जुकाम की शिकायत हुई, लेकिन बाद में बुखार भी आने लगा। ऐसे में वे बच्चों को घरेलू उपचार देने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में बदलाव के दौरान बच्चों में वायरल संक्रमण का खतरा रहता है। ऐसे में उनकी साफ-सफाई, खानपान और कपड़ों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
प्रतापगढ़ निवासी, सुलेखा ने बताया कि पिछले दो दिनों से बेटे को हल्का जुकाम था, लेकिन बीती रात अचानक तेज बुखार आ गया। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए मैंने बिना कोई जोखिम लिए तुरंत अस्पताल आकर डॉक्टर को दिखाना ही उचित समझा। वहीं सेक्टर-2 निवासी, प्रिया ने बताया कि दिन और रात के तापमान में काफी अंतर है, जिसकी वजह से बच्ची को खांसी और जकड़न हो गई है। घर पर अपनी मर्जी से कोई दवा देने के बजाय मैं सीधे ओपीडी ले आई।
लक्षण दिखने पर डॉक्टर से लें सलाह
बच्चों को ठंडे वातावरण से बचाएं और मौसम के अनुसार कपड़े पहनाएं। उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी और पौष्टिक भोजन दें। खांसी, जुकाम या बुखार होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न दें। छोटे बच्चों में सांस लेने में परेशानी, लगातार तेज बुखार या दूध पीने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
मौसम में बदलाव के दौरान बच्चों में सर्दी, खांसी और बुखार जैसी मौसमी समस्याएं सामने आती हैं। परिजनों को बच्चों की सेहत का ध्यान रखना चाहिए। लक्षण दिखाई देने पर समय पर डॉक्टर को दिखाएं और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाएं देने से बचें। अस्पताल में आने वाले बच्चों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार और परामर्श दिया जा रहा है। - डॉ. विकास गोयल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी एवं बाल रोग विशेषज्ञ