फरीदाबाद। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को अब पढ़ाई के साथ जीवन में काम आने वाले हुनर भी सिखाए जाएंगे। बच्चे आत्मरक्षा, आपदा प्रबंधन, अनुशासन और दूसरों की मदद करने के तरीके सीख सकेंगे। इसके लिए भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की ओर से जिले की 10 महिला शिक्षिकाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये शिक्षिकाएं स्कूलों में विद्यार्थियों को स्काउटिंग और बुलबुल गतिविधियों से जोड़ेंगी।
इसके लिए 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक शिमला के तारा देवी स्थित राज्य प्रशिक्षण केंद्र में सात दिवसीय शिविर लगाया जाएगा। जिले से पांच शिक्षिकाओं को बेसिक और पांच को एडवांस्ड कोर्स के लिए भेजा जाएगा। बेसिक कोर्स में नई शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि एडवांस्ड कोर्स में पहले से बेसिक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी शिक्षिकाएं हिस्सा लेंगी। एडवांस्ड कोर्स में शामिल होने के लिए बेसिक प्रशिक्षण पूरा किए कम से कम छह महीने होना जरूरी है।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की जिला संगठन आयुक्त सरोज ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी देना है।