बच्चों की पढ़ाई में तकनीक बनी सहारा, व्हाट्सएप के माध्यम से बच्चों को गृह कार्य भेज रहे अध्यापक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई गर्मी की छुट्टियों के दौरान भी जारी है। तकनीक ने इस काम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। छुट्टियों के बावजूद छात्र और अध्यापक एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और पढ़ाई का क्रम लगातार चल रहा है।
विद्यालयों के अध्यापक बच्चों को व्हाट्सएप के माध्यम से नियमित रूप से गृह कार्य भेज रहे हैं। छात्र दिए गए कार्य को पूरा करके उसकी फोटो के माध्यम से अध्यापकों को भेज रहे हैं। इसके बाद अध्यापक गृह कार्य की जांच कर बच्चों को आवश्यक सुझाव और मार्गदर्शन भी दे रहे हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो रही और वे छुट्टियों का सदुपयोग करते हुए सीखने की प्रक्रिया से जुड़े हुए हैं। इस पूरे अभियान में अभिभावकों की भूमिका भी अहम बन गई है। माता-पिता बच्चों को गृह कार्य पूरा करने में मदद कर रहे हैं और उन्हें समय पर कार्य भेजने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बनी हुई है। अध्यापकों का कहना है कि तकनीक के उपयोग से बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता बनी रहती है। इससे छात्रों की शैक्षणिक प्रगति पर भी नजर रखी जा सकती है। वहीं बच्चों को भी घर बैठे नई चीजें सीखने और अपनी पढ़ाई को मजबूत करने का अवसर मिल रहा है।
वर्जन
शिक्षा विभाग के आदेशानुसार बच्चों के गृहकार्य पर लगातार नजर रखी जा रही है। उनको सोशल मीडिया के माध्यम से निर्देश दिए जा रहे हैं। इस काम में विद्यालय के सभी शिक्षक मिलकर सहयोग कर रहे हैं। -चतर सिंह, मुख्याध्यापक, प्राथमिक विद्यालय ऐतमादपुर