ट्रेकिंग, राफ्टिंग सहित कई गतिविधियों में लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र शैक्षणिक भ्रमण के लिए हिमाचल प्रदेश के मनाली पहुंच चुके हैं। इस दौरान छात्रों को जिप लाइन, रॉक क्लाइंबिंग, ट्रैकिंग, रैपलिंग, पर्वतारोहण, तीरंदाजी और शूटिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही हिमालयी संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सर्वाइवल स्किल्स की भी जानकारी छात्रोंं को दी जा रही है।
मनाली में छात्रों ने ट्रेकिंग, राफ्टिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित कई गतिविधियों में भाग लिया। छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मनाली में आकर अच्छा लग रहा है। साथ ही यहां बहुत कुछ सीखने को भी मिल रहा है। छात्रों ने कहा कि यहां आकर प्रकृति के नजदीक होना जैसा महसूस हो रहा है। यहां की हवा-पानी बहुत साफ है।
गौरतलब है कि यह पांच दिवसीय भ्रमण 5 जून से शुरू हो चुका है, जो 9 जून तक चलेगा। इसमें जिले के छह पीएमश्री विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 9 से 12वीं के 30 छात्र भाग ले रहे हैं। छात्रों की पूर्ण सुरक्षा, देखरेख और मार्गदर्शन के लिए तीन अनुभवी शिक्षक भी उनके साथ मौजूद हैं।
छात्रों से बातचीत
मनाली का यह शैक्षणिक भ्रमण मेरे लिए यादगार अनुभव बन गया है। पहली बार मैंने रॉक क्लाइंबिंग और रीवर क्रॉसिंग जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया।- अंशु
इस भ्रमण ने मुझे कई नई बातें सीखने का अवसर दिया। ट्रैकिंग के दौरान हमने प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।- साक्षी