-पुलिस ने कंपनी मालिकों के खिलाफ केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बाल कल्याण समिति की बाल सुरक्षा टीम ने डबुआ स्थित एक कंपनी सहित शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई कर दो किशोरी सहित 15 बाल श्रमिकों को मुक्त कराया है। बाल श्रमिकों के बयान के आधार पर डबुआ थाना पुलिस ने कंपनी मालिकों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
बाल कल्याण समिति के अधिकारी श्रीपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि शहर के अलग-अलग इलाकों में उन्हें बाल मजदूरी कराने वालों के खिलाफ शिकायत मिल रही थीं। शिकायत के आधार पर जांच के लिए एक टीम गठित की गई। टीम ने 20 जून को डबुआ क्षेत्र में छापा मारा। इस दौरान 15 से 16 वर्ष के किशोर और किशोरियों को कंपनी, होटल, रेस्तंरा आदि जगहों से मुक्त कराया गया। इसके बाद सभी का बाल कल्याण समिति के समक्ष बयान दर्ज किया गया। रविवार को डबुआ थाना में शिकायत दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।