बड़ी संख्या में देरी से पहुंचे कर्मचारी, रिपोर्ट तैयार करके मुख्यालय भेजी जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता फरीदाबाद की टीम ने शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। सुबह 9 बजे किए गए निरीक्षण में बड़ी संख्या में कर्मचारी अनुपस्थित या देर से पहुंचते पाए गए। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना मिलने के बाद की गई थी कि कार्यालय में तैनात अधिकारी-कर्मचारी समय पर नहीं आते और सरकारी कार्यों को टालते रहते हैं।
निरीक्षण टीम में नायब तहसीलदार बड़खल एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट उमेश कुमार भी शामिल रहे। जांच के दौरान पाया गया कि डीईओ कार्यालय में 29 कर्मचारी तैनात हैं, जिनमें से 2 गैरहाजिर और 10 कर्मचारी देर से पहुंचे। वहीं, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (डीईईओ) कार्यालय में 25 कर्मचारियों में से 1 गैरहाजिर और 8 कर्मचारी देरी से आए। इसी तरह डीपीसी कार्यालय में 10 में से 2 कर्मचारी देर से पहुंचे। कुल मिलाकर 64 कर्मचारियों में से 3 गैरहाजिर और 20 देर से पहुंचे पाए गए।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि डीईओ और डीईईओ कार्यालयों में सामान्य शिकायत रजिस्टर उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा, सीएम विंडो की 16 शिकायतें, जन संवाद की 17 शिकायतें और समाधान शिविर की 8 शिकायतें लंबित पाई गईं। साथ ही अध्यापिकाओं के चाइल्ड केयर लीव से जुड़े 29 आवेदन भी अधर में लटके मिले। उड़नदस्ते ने कार्यालय में पाई गई अन्य कमियों को लेकर अलग से रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजने की बात कही है।