11.28 करोड़ रुपये की लागत से 2.7 किमी लंबी सड़क को बनाने की योजना थी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी तीन की सबसे महत्वपूर्ण वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल से लेकर चिमनीबाई तक की सड़क निर्माण में होने वाले खर्च पर मुख्यमंत्री ने आपत्ति जताई। उन्होंने फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) को 9 अगस्त तक टेंडर कर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया है।
स्मार्टसिटी में 30 मीटर या इससे चौड़ी सड़क अब एफएमडीए के अधीन आ चुकी है। 30 मीटर या इससे चौड़ी सड़क की मरम्मत और उसे बनाने का काम एफएमडीए ही करेगा। पिछले वर्ष 2.7 किमी लंबी इस सड़क को बनाने के लिए 11.28 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था। 10 करोड़ से अधिक लागत आने के कारण मुख्यमंत्री से स्वीकृति लेना पड़ता है। लागत अधिक होने पर मुख्यमंत्री ने आपत्ति जताते हुए टेंडर की दर को कम करते हुए री-टेंडर करने को कहा है। मालूम हो कि व्यापार मंडल से लेकर वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल तक की सड़क तो बना दी गई है। वहां से एनआईटी पांच नंबर मार्केट तक की सड़क, जिसकी कुल लंबाई 2.7 किमी है, इसके लिए टेंडर किया गया था लेकिन यह अलॉट नहीं हुआ। इस काम का बजट 11.28 करोड़ था।
कई इलाकों को जोड़ती है ये सड़क
तिकोना पार्क स्थित वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल से लेकर ईएसआई चौक, एनआईटी दो नंबर की सबसे महत्वपूर्ण सड़क है। एनआईटी के अलावा प्याली और सारन चौक जाने के लिए भी इस सड़क का लोग इस्तेमाल करते हैं। डबुआ कॉलोनी जाने वाले लोग भी इसका प्रयोग कर नीलम चौक तक पहुंचते हैं। इस सड़क पर मेडिकल कॉलेज, डीएवी कॉलेज और सरकारी स्कूल भी हैं। इस सड़क से रोज लगभग 10 हजार लोग गुजरते हैं।
वर्जन
सड़क का बजट ज्यादा होने के कारण दोबारा से टेंडर करने का निर्णय लिया गया है। नौ अगस्त तक टेंडर करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।
एचएस खेडा, एसडीओ एफएमडीए