ओल्ड थाना इलाके की बसेलवा कॉलोनी में बृहस्पतिवार देर रात पनीर विक्रेता की चाकू से वार कर हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान से पहले सामान लेने को लेकर युवकों से हुई कहासुनी के बाद ये वारदात की गई। मृतक प्रवीण चौधरी मवई इलाके के रहने वाले थे। बसेलवा कॉलोनी में अपनी पनीर दुकान बंद कर वो बाइक से घर के लिए निकले। किराना दुकान पर वो कुछ सामान लेने रुके तो वहां खड़े होकर सिगरेट पी रहे युवकों से कहासुनी हो गई। इसी दौरान राजा नामक आरोपी ने चाकू से वार कर प्रवीण की हत्या कर दी।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि ओल्ड थाना पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है। राजा नामक आरोपी पर पहले भी कई केस दर्ज हैं और वो बीसी है। आरोपी को हिरासत में लेकर टीम पूछताछ कर रही है। मृतक प्रवीण चौधरी मवई गांव के पास राजेंद्र नगर कॉलोनी में पत्नी सुलेखा, बेटे कुनाल व बेटी दिशा के साथ रहते थे। उनके पिता जगदीश कुमार भी पास की सनराइज कॉलोनी में रहते हैं। परिवार मूलरूप से जेवर के नंगला भटोन गांव से है और बीते कई दशक से फरीदाबाद में रह रहे हैं। प्रवीण रोज की तरह बृहस्पतिवार को भी रात 11 बजे बसेलवा कॉलोनी में अपनी पनीर की दुकान बंद कर नौकर धर्मेंद्र के साथ बाइक से घर के लिए निकले। धर्मेंद्र बसेलवा कॉलोनी में ही रहता है। उसके घर के सामने स्थित किरयाना दुकान पर सामान लेने के लिए प्रवीण ने बाइक रोकी।
आरोप है कि दुकान के बाहर पहले से दो युवक मौजूद थे। सामान लेने को लेकर प्रवीण व उन युवकों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। झगड़ा होने पर धर्मेंद्र ने प्रवीण के दोस्त अभय सौरोत उर्फ बिट्टू को कॉल कर बुलाया। आरोपी दोनों युवकों ने भी अपने दोस्तों को कॉल कर बुला लिया। आरोपियों ने प्रवीण पर चाकू से हमला कर दिया। तीन वार सीने और एक सिर में किया गया। धर्मेंद्र व अभय ने बीच-बचाव का प्रयास किया। वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग गए। गंभीर हालत में प्रवीण को धर्मेंद्र व अभय अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रवीण के पिता जगदीश के बयान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही चाकू से कर दिए वार
मृतक प्रवीण के चाचा रविंद्र व हरिओम ने बताया कि मौके पर एक सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। उसमें झगड़े की फुटेज कैद है। कैमरे में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपियों ने प्रवीण को पकड़ा और चाकू मारे। इस दौरान वहां पुलिस की गाड़ी भी खड़ी नजर आ रही है। पुलिसकर्मी उतरकर भीड़ की तरफ गए भी थे लेकिन तब तक आरोपितों ने चाकू से वार कर दिया था। पुलिस ने मौके से एक आरोपित को हिरासत में लिया है।
कॉल पर बात हुई तो पांच मिनट में आने की बात कह रहे थे पति
मृतक प्रवीण की पत्नी सुलेखा ने बताया कि हर दिन लगभग 11 बजे रात को पति दुकान बंद कर घर आते हैं। बृहस्पतिवार रात भी लगभग 11 बजे कॉल पर बात हुई तो वो बोले कि दुकान बंद कर दी है और 5 मिनट में घर पहुंच जाऊंगा। बदहवास हालत में रोते हुए सुलेखा ने बताया कि पति को बार-बार कॉल कर रही थी तो काफी देर तक बाद परिचित ने कॉल रिसीव की। उसे बताया गया कि प्रवीण का एक्सिडेंट हो गया है। बाद में पता चला कि पति की चाकू से वार कर हत्या की गई है।