-फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर ऐंठते रहे पैसे, कई माह तक चला खेल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने फारेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर कारोबार शुरू कराने के नाम पर एक व्यक्ति से 30 लाख 32 हजार रुपये ऐंठ लिए। आरोपी कई माह तक पीड़ित से रकम ठगते रहे। पैसा वापस नहीं आने पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ओमेक्स फारेस्ट स्पा निवासी अवध प्रताप नारायण ने साइबर थाना में दी शिकायत में बताया कि करीब चाह माह पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक बिजनेस के बारे में वीडियो देखी थी। इसमें एक्सप्रो मार्केट्स डाॅट काम नाम की कंपनी के फारेक्स ट्रेडिंग प्लेटफार्म के बारे में बताया गया था। वीडियो में प्रसिद्ध उद्योगपति नारायण मूर्ति को दिखाया गया था कि उन्होंने भी इस प्लेटफार्म से जुड़कर पैसा कमाया है। प्रभावित होकर अवध प्रताप ने भी प्लेटफार्म पर दिए लिंक के दी माध्यम से अपनी जानकारी भर कर जमा करा दी। कुछ दिन बाद उसे कंपनी से अलग-अलग नंबर से फोन आने लगे। नवंबर 2023 में उसने ठगों के कहने पर 22 हजार रुपये में अपना खाता खोल लिया।
आरोपियों ने बताया था कि भारत के बड़े-बड़े उद्योगपति भी यहां पैसा यहां लगाते हैं। आरोपियों ने उनके पैसे लगवाने के बाद ऑनलाइन उसका मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया। दो दिन में ही उन्हें करीब चार से पांच हजार रुपये का मुनाफा हो गया। एक दिसंबर 2023 तक आरोपी धीरे-धीरे मुनाफा बढ़ाते रहे। आरोपियों ने उनसे कुल 30 लाख 32 हजार 810 रुपये ट्रांसफर करा लिए। पैसा वापस मांगने के लिए आरोपियों के नंबर पर फोन करने पर वह नंबर मिलता ही नहीं था। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।