संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने यूट्यूब पर वीडियो लाइक कर पैसे कमाने का झांसा देकर ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी एक युवती से 2.92 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिव्या ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कुछ माह पहले उनके पास एक अंजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाली महिला ने कहा कि यूट्यूब पर वीडियो लाइक और शेयर कर घर बैठे पैसा कमाया जा सकता है। दिव्या ने इसके लिए मना कर दिया। इसके बाद भी आरोपी महिला ने फोन करना बंद नहीं किया। बार-बार फोन करने पर दिव्या उसकी बातों में आ गई और काम करने के लिए सहमति दे दी। महिला ने दिव्या को एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया। इसके बाद दिव्या को वीडियो लाइक करने का टास्क दिया गया। शुरूआत में आरोपियों ने दिव्या के अकाउंट में कुछ पैसे भेजे। जब आरोपियों ने अपना विश्वास जमा लिया तो आरोपियों ने पैसा निवेश करने के लिए नई स्कीम के बारे में बताना शुरू कर दिया। इधर ग्रुप में जुड़े दूसरे लोग भी कमाई के बारे में ग्रुप में बातें करते थे। महिला ने दिव्या को फोन करके कहा एडवांस टास्क का स्टेज पूरा करने में पहले निवेश करना होगा। इससे दोगुना मुनाफा होगा। कमाई होती देख दिव्या महिला की बातों में आ गई। उसने कई मदों में अलग-अलग खाते में 2.92 लाख रुपये डाल दिए। पैसा वापस मांगने पर आरोपियों ने दिव्या को ग्रुप से हटा दिया। ठगी का अहसास होने पर दिव्या ने पुलिस में केस दर्ज कराया।