दुकानों के आगे कूड़ा होने के चलते खुद सफाई करते नजर आए व्यापारी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड परिसर में दिवाली मेला के पहले दिन पर्यटकों की भीड़ काफी कम रही। मेला प्राधिकरण की ओर से पूरे इंतजाम नहीं किए गए। कई व्यापारियों को समय अनुसार दुकान नहीं मिल पाई, तो कई व्यापारियों की दुकानों के आगे कूड़ा होने के चलते वे सामान नहीं सजा पाए।
मेला का पहला दिन होने के कारण पर्यटकों की संख्या कम रही। ऐसे में अलग-अलग राज्यों से आए व्यापारी अपनी-अपनी दुकान सजाते नजर आए। हालांकि कुछ लोगों ने कहा कि उनकी दुकान समय पर साफ कर नहीं की गई। इसके चलते उन्हें अपना उत्पाद पहले दिन की सुबह सजाना पड़ा, जिससे वे और चीजों पर ध्यान नहीं दे पाए।
सफाई करते आए नजर व्यापारी
दिवाली मेला को लेकर कई दिनों से पर्यटन विभाग की ओर से तैयारियां चल रही थीं। बावजूद इसके परिसर को अच्छे से साफ नहीं किया गया। परिसर में कई जगह कूड़े के ढेर नजर आए। इसके साथ ही मंगलवार को हुई बरसात के बाद परिसर में कीचड़ होने के कारण कई दुकानों के बाहर गंदगी जमा थी, जिसके चलते व्यापारी उत्पाद सजाने के बजाय सफाई करते दिखाई दिए। विभाग की ओर से सही तरीके से परिसर को साफ नहीं किया गया। कई स्थानों पर कूड़े के ढेर और गोबर नजर आया।