संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-15 स्थित एक मोमोज की दुकान में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे इलेक्ट्रिक चूल्हे में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। घटना के समय दुकान पर मौजूद कर्मचारी और ग्राहक तुरंत बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के बाद इलेक्ट्रिक चूल्हे के साथ ही पास रखे सैंडविच मेकर ने भी आग पकड़ ली, जिससे दुकान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुकान पर काम करने वाले करण ने बताया कि वे इलेक्ट्रिक चूल्हे पर खाना तैयार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई। स्थिति को गंभीर होते देख कर्मचारियों ने तुरंत मुख्य बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद जल रहे चूल्हे और सैंडविच मेकर को दुकान से बाहर सड़क पर निकाल दिया गया। कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने सूझबूझ से अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पा लिया।