- चार दिवसीय नेशनल नेटबॉल चैंपियनशिप का सफलतापूर्वक हुआ समापन
पलवल। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में चार दिवसीय नेशनल नेटबॉल चैंपियनशिप (सीनियर वर्ग, फास्ट फाइव) का रविवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में 26 राज्यों की टीमों के 600 से अधिक खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर राजस्व मंत्री विपुल गोयल और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया।
पुरुष वर्ग में हरियाणा की टीम ने 38 अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि केरल ने 28 अंकों के साथ दूसरा और तेलंगाना व पंजाब ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में भी हरियाणा की टीम ने बाजी मारी और 21 अंक लेकर प्रथम रही। पंजाब (17 अंक) द्वितीय और राजस्थान व छत्तीसगढ़ की टीमें तृतीय स्थान पर रहीं।
मुख्य अतिथि विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति देश की सर्वश्रेष्ठ नीतियों में से एक है। प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए मजबूत खेल अवसंरचना तैयार की जा रही है और सरकार हर स्तर पर खिलाड़ियों को सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं को कड़ी मेहनत और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताया। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा आज खेलों और खिलाड़ियों का हब बन चुका है। यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने पलवल में इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन होना गर्व की बात बताया।