45,000 अभ्यर्थी होंगे परीक्षा में शामिल, उपायुक्त ने छात्रों से समय से एक घंटे पहले पहुंचने की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आगामी शनिवार व रविवार को आयोजित होने वाली कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से पिक एंड ड्रॉप की सुविधा और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर की व्यवस्था की गई है।
इस संबंध में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि 26 और 27 जुलाई को आयोजित होने वाली सीईटी के लिए जिले में कुल 163 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक शिफ्ट में लगभग 45,000 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में सबसे अधिक परीक्षार्थी झज्जर, पलवल, नूंह, रोहतक, गुरुग्राम सहित अन्य जिलों और राज्यों से पहुंचेंगे।
इसके लिए परीक्षार्थियों को पिक एंड ड्रॉप सुविधा और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर की व्यवस्था दी जाएगी। सरकारी अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे और सभी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर निगरानी अधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। उपायुक्त ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दिन अपने केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम एक घंटे पहले पहुंचें ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।
बॉक्स
परीक्षा तिथि : 26 और 27 जुलाई 2025
शिफ्ट-1 : सुबह 10:00 – 11:45 बजे
शिफ्ट-2 : दोपहर 3:15 – 5:00 बजे
केंद्रों की संख्या (फरीदाबाद) : 163
हेल्पलाइन नंबर : 0129-2290010 (25 जुलाई से सक्रिय)