अभ्यर्थियों को सेंटर पहुंचने में नहीं होगी परेशानी, रोडवेज की ओर से चलाई जाएंगी 100 से अधिक बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा ग्रुप-सी सामान्य पात्रता परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को सेंटर तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं होगी। इसके लिए रोडवेज विभाग की ओर से 100 से अधिक बसों को चलाया जाएगा। इसके अलावा अभ्यर्थी फ्री बस सेवा का लाभ उठाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं, जिसके लिए उनको वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा। वहीं, परीक्षार्थियों को सुविधा देने के लिए जिले में 18 धर्मशालाएं भी बुक की गई हैं।
जिला प्रशासन की ओर से 26 एवं 27 जुलाई को ग्रुप-सी के पदों के लिए सीईटी 2025 की परीक्षा 63 केंद्रों पर कराई जाएगी। दो दिनों के दौरान चलने वाली सीईटी में 1 लाख 79 हजार 184 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन सीईटी में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को रहने और केंद्रों तक पहुंचने के लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध करेगा। इसके लिए फरीदाबाद में 18 धर्मशालाओं को बुक किया गया है। इनमें से फरीदाबाद और बड़खल क्षेत्र में एक-एक धर्मशाला महिला परीक्षार्थियों के लिए बुक रहेगी। वहीं, सेंटर तक पहुंचने में अभ्यर्थी को कोई परेशानी न हो उसके लिए रोडवेज विभाग की ओर से 100 से अधिक बसों को चलाया जाएगा। इसको लेकर रोडवेज विभाग की ओर से रूट मैप बनाने की तैयारी शुरू कर दी हैं।
ड्यूटी इंचार्ज ओमप्रकाश ने बताया कि इन दो दिनों तक अभ्यर्थी को सेंटर तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं होगी। उनकी ओर से 100 से अधिक बसों को सुबह चार बजे से चलना शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, जिन अभ्यर्थी का सेंटर जिले से बाहर अन्य जिले में पड़ा उनको भी समय के अनुसार सेंटर तक पहुंचाया जाएगा। रोडवेज बस ऐसी जगह पर छात्रों को उतारेगी जहां से उनको सेंटर पर पहुंचने में कोई परेशानी नहीं होगी। वहीं, दो दिनों के लिए चालक व परिचालकों की छुट्टी को रद्द कर दिया गया है।
बस सेवा के लिए करें ऑनलाइन आवेदन
राज्य परिवहन विभाग की ओर से एक लिंक जारी किया है। इस लिंक पर छात्र जानकारी भरकर अपने घर के समीप से परीक्षा केंद्र वाले जिले तक निशुल्क बस सेवा प्राप्त कर सकेंगे। परीक्षार्थियों को इस सुविधा का लाभ लेने के लिए https://hartrans.gov.in/advance-booking-for-cet-2025/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए परीक्षार्थियों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, रोल नंबर, परीक्षा तिथि और केंद्र वाले जिले का नाम दर्ज करवाकर एडवांस बुकिंग करनी होगी। उसके अनुरूप ही बस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।