कार्यों को समयबद्ध, त्रुटिरहित और प्रभावी तरीके से पूरा करना रहा प्रशिक्षण का उद्देश्य
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जनगणना-2027 के तहत जिला जनगणना हैंडबुक (डीसीएचबी) तैयार करने के लिए बृहस्पतिवार को सेक्टर-12 स्थित एचएसवीपी कन्वेंशन हॉल में फील्ड कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पटवारियों और अन्य फील्ड कर्मियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जिला जनगणना हैंडबुक से जुड़े कार्यों को समयबद्ध, त्रुटिरहित और प्रभावी तरीके से पूरा करना रहा।
जिला जनगणना अधिकारी प्रशांत शर्मा ने प्रतिभागियों को जिला जनगणना हैंडबुक की अवधारणा, उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और सरकारी नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड कर्मचारियों को जनगणना कार्य में उपयोग होने वाली मोबाइल एप्लीकेशन और वेब पोर्टल के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। उन्हें डेटा संग्रहण, ऑनलाइन अपलोडिंग, निर्धारित प्रारूपों को सही तरीके से भरने, मानचित्रों के उपयोग और समयबद्ध रिपोर्टिंग की प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों ने फील्ड सर्वेक्षण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और दिशा-निर्देशों से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया।
अधिकारियों ने कहा कि फील्ड स्तर पर जुटाई गईं सूचनाओं की गुणवत्ता ही जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता तय करती है। ऐसे में सभी कर्मचारी निर्धारित मानकों का पालन करते हुए सटीक और त्रुटिरहित जानकारी एकत्रित करें। उन्होंने भरोसा जताया कि इस प्रशिक्षण से फील्ड कर्मचारियों की कार्य दक्षता बढ़ेगी। इसके साथ ही जनगणना-2027 के तहत जिला जनगणना हैंडबुक का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जा सकेगा।