संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। प्रेस कॉलोनी में पिछले कई दिनों से सीवर जाम की समस्या बनी हुई है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है। कॉलोनी की कई गलियों में सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। गलियों में पानी जमा होने से बदबू फैल रही है और लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
निवासी विनोद का कहना है कि सीवर जाम होने के कारण गंदा पानी घरों के बाहर और कुछ स्थानों पर घरों के अंदर तक पहुंचने लगा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण लोगों में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि इसी गंदे पानी से होकर उनको आवागमन करना पड़ता है।
वहीं, निवासी मनोज ने बताया कि इस समस्या की जानकारी कई बार प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। कभी-कभी सफाई कर्मचारी आकर औपचारिकता निभा देते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। बरसात के मौसम में हालत और ज्यादा खराब हो जाते हैं।
लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन पूरी तरह से साफ करवाई जाए और जहां आवश्यकता हो, वहां क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत या नई लाइन बिछाई जाए।