अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। देश में होने वाली 16वीं जनगणना को पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाने की तैयारी के तहत फरीदाबाद में अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो गया। नगर निगम मुख्यालय में आयोजित इस प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े चार्ज ऑफिसरों और संबंधित अधिकारियों को नई प्रणाली, मोबाइल एप और मॉनिटरिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई।
नगर निगम आयुक्त व मुख्य जनगणना अधिकारी धीरेंद्र खड़गटा ने प्रशिक्षण के समापन पर बताया कि आगामी जनगणना पारंपरिक कागजी प्रक्रिया के बजाय पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। जनगणना कर्मी घर-घर जाकर मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए सीधे आंकड़े दर्ज करेंगे, जिससे जानकारी की सटीकता और पारदर्शिता बढ़ेगी और डेटा तुरंत केंद्रीय प्रणाली तक पहुंच सकेगा।